आपकी त्वचा के लिए खतरनाक हो सकता है घर पर तैयार किया गया सौंदर्य उत्पाद
अगर त्वचा की देखभाल के लिए आप घर पर प्राकृतिक चीज़ों से खुद सौंदर्य उत्पाद बनाने जा रही हैं, तो थोड़ी देर इस पर विचार कर लें। ये आपकी त्वचा के लिए खतरनाक भी हो सकते हैं।
DIY (Do it yourself) स्किन केयर, जैसा कि नाम से स्पष्ट है- त्वचा की देखभाल के लिए पहले से तैयार उत्पाद खरीद कर इस्तेमाल करने की बजाय हम स्वयं प्राकृतिक चीज़ों की मदद से उत्पाद तैयार कर त्वचा की देखभाल के लिए प्रयोग में लाते हैं। यह उत्पाद ऑनलाइन या पुस्तकों में उपलब्ध जानकारी, निर्देशों और सामग्री का उपयोग करके हम स्वयं तैयार कर लेते हैं। आम तौर पर हम त्वचा देखभाल, बालों की देखभाल वाले उत्पाद, जैसे मास्क, क्लींजर और तेल बना लेते हैं। विशेषज्ञ बताते हैं कि यह जरूरी नहीं है कि त्वचा की देखभाल के लिए प्राकृतिक चीजों से स्वयं तैयार किया गया उत्पाद सभी लोगों के लिए फायदेमंद हो। कुछ प्राकृतिक सामग्रियां त्वचा को नुकसान भी पहुंचा सकती हैं। इसलिए स्वयं तैयार किए गए किसी भी सौंदर्य उत्पाद का उपयोग करने से पहले कुछ जरूरी बातें हमें जान लेनी चाहिए।
क्या कहते हैं शोध
जर्नल ऑफ़ डर्मेटोलोजी एंड स्किन केयर के शोध बताते हैं कि खुद तैयार करने के कारण सौंदर्य उत्पाद का मूल्य कम हो सकता है, लेकिन इनकी सामग्री कुछ लोगों की त्वचा को खतरनाक रूप से नुकसान भी पहुंचा सकती है। दरअसल, सभी व्यक्ति की स्किन अलग-अलग प्रकार की (रूखी, तैलीय, मिश्रित) होती है। इस वजह से एलर्जी होने की संभावना सबसे अधिक होती है। इंटरनेशनल जर्नल ऑफ़ कॉस्मेटिक साइंस की स्टडी के अनुसार, डीआईवाई का खतरा सबसे अधिक खुद तैयार किए गए उत्पाद में प्रीजर्वेटिव का इस्तेमाल नहीं करना बढ़ाता है। इसके कारण उत्पाद के जल्दी खराब होने और त्वचा के संक्रमित होने का खतरा सबसे अधिक होता है।
सही जानकारी है जरूरी
निम्स मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के डिपार्टमेंट ऑफ़ डर्मेटोलॉजी में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ऋषभ राज शर्मा बताते हैं, ‘इन दिनों सोशल मीडिया और इंटरनेट पर बहुत सारी डीआईवाई स्किनकेयर टिप्स मिल जाती हैं। लेकिन ये सभी सुरक्षित और असरदार नहीं होती हैं। हर घरेलू चीज़ आपकी त्वचा के लिए फायदेमंद नहीं हो सकती है। हमें हमेशा त्वचा की देखभाल में इस्तेमाल की जाने सामग्रियों के बारे में सही जानकारी होनी चाहिए और कुछ सामग्रियों से बचना भी चाहिए।
स्वयं तैयार किए जाने वाले सौंदर्य उत्पाद से हो सकते हैं नुकसान
1. एलर्जी और जलन – हर किसी की त्वचा अलग होती है। रूखी त्वचा वाले लोगों को कुछ खट्टी सामग्रियां, जैसे- नींबू, टमाटर, सिरका नुकसान पहुंचा सकती हैं। ये त्वचा पर एलर्जी, जलन या लाल चकत्ते पैदा कर सकती हैं।
2. पीएच असंतुलन – त्वचा का प्राकृतिक पीएच संतुलन 4.5 से 5.5 के बीच होता है। कुछ चीजें जैसे नींबू या बेकिंग सोडा इस संतुलन को बिगाड़ सकते हैं। इससे त्वचा रूखी और संवेदनशील हो सकती है।
3. संक्रमण का खतरा – कुछ डीआईवाई रेसिपी में बिना प्रिजर्वेटिव वाले मिश्रण होते हैं। इसके कारण बैक्टीरिया पनपने का डर बना रहता है। इससे त्वचा पर संक्रमण होने की संभावना भी कई गुना बढ़ जाती है।
4. असमान असर – घर में बने त्वचा की देखभाल के लिए बनाए गए उत्पाद में सामग्री की मात्रा तय नहीं होती है। इससे वे कभी असरदार नहीं हो पाते हैं, तो कभी त्वचा को ज्यादा नुकसान पहुंचा देते हैं।
डीआईवाई स्किनकेयर में इन सामग्रियों से बचें
1. नींबू
नींबू में साइट्रिक एसिड होता है, जो त्वचा को ज्यादा संवेदनशील बना सकता है। इसे लगाने से सनबर्न और रैशेज हो सकते हैं।
2. बेकिंग सोडा
बेकिंग सोडा त्वचा के प्राकृतिक तेल को खत्म कर सकता है, जिससे त्वचा रूखी हो सकती है। त्वचा पर खुजली और लाल चकत्ते भी हो सकते हैं।
3. टूथपेस्ट
मुंहासों पर टूथपेस्ट लगाने से त्वचा रूखी हो जाती है। टूथपेस्ट लगाने से जलन महसूस हो सकती है। इसमें मौजूद केमिकल्स त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
4. शुगर स्क्रब
चेहरे की त्वचा बहुत नाजुक होती है, जबकि शुगर के दाने खुरदुरे होते हैं। इससे माइक्रो-टियर हो सकते हैं। इससे त्वचा में जलन और इंफेक्शन हो सकता है।
5. सिरका
सिरके का पीएच बहुत ज्यादा अम्लीय होता है। बिना पतला किए हुए इसे लगाने से त्वचा जल सकती है। त्वचा की लालिमा बढ़ सकती है। गंभीर मामलों में घाव भी हो सकते हैं।
6. अंडा
डीआईवाई फेस मास्क में अंडे का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें मौजूद बैक्टीरिया इंफेक्शन फैला सकते हैं। खासकर अगर आपकी त्वचा किसी तरह के कटने या जलने से प्रभावित हुई है। ब्रेकआउट से ग्रसित होने पर भी ऐसा हो सकता है। ब्रेकआउट मुंहासा ही कहलाता है। यह तब होता है जब बालों के रोम तेल, मृत त्वचा कोशिकाओं और कभी-कभी बैक्टीरिया से भर जाते हैं।
घर पर खुद सौंदर्य उत्पाद तैयार करने से पहले कुछ बातों को ध्यान में रखें
अगर आप घर पर ही त्वचा की देखभाल वाले उत्पाद बनाना चाहती हैं, तो सुरक्षित चीजों का चुनाव करें।
एलोवेरा जेल – यह त्वचा को हाइड्रेट करता है और सूदिंग इफेक्ट देता है।
शहद – यह नैचुरल एंटीबैक्टीरियल और मॉइश्चराइजिंग एजेंट है।
दही – इसमें लैक्टिक एसिड होता है, जो हल्के एक्सफोलिएशन में मदद करता है।
नारियल तेल – यह रूखी त्वचा के लिए अच्छा मॉइश्चराइजर है, लेकिन ऑयली स्किन के लिए उपयुक्त नहीं है।
त्वचा विशेषज्ञ की लें सलाह
घर पर स्वयं सौंदर्य उत्पाद तैयार करना किफायती और सुविधाजनक लग सकता है, लेकिन यह हमेशा सुरक्षित नहीं होता। कुछ प्राकृतिक चीजें भी त्वचा के लिए हानिकारक हो सकती हैं। इसलिए किसी भी नए घरेलू उपाय को अपनाने से पहले अपनी त्वचा के प्रकार को समझना जरूरी है। बेहतर होगा कि त्वचा के लिए कुछ भी इस्तेमाल करने से पहले किसी त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें। उन्हीं सामग्रियों का इस्तेमाल करें, जो आपकी त्वचा के लिए सही हों।
Comments
Post a Comment